Mahakaushal Tines

sehore news : कृषि मंत्री शिवराज के जिले में ‘मोदी भजन’ गा रहे किसान

Sehore news : सीहोर। देश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में किसानों द्वारा एक अनूठा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। दरअसल, किसान ‘मोदी भजन’ गाकर अपनी आवाज सरकारी सिस्टम व सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आमतौर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान नारे लगाए जाते हैं, तख्तियां लेकर रैली निकाली जाती है या फिर धरना प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाती है, लेकिन राजधानी भोपाल के नजदीकी जिले सीहोर के किसानों ने विरोध प्रदर्शन का अनूठा तरीका निकाला है। दरअसल, जिले के किसानों को खराब फसल के एवज में अल्प बीमा क्लेम राशि मिली है। किसानों का आरोप है कि बीमा क्लेम में इतनी राशि भी नहीं मिली, जितनी उन्होंने जमा की थी। इसी बात से नाराज किसान बीते चार दिनों से विरोध जता रहे हैं।

ढोलक-मंजीरे के साथ ‘मोदी भजन’
सीहोर जिले के इछावर विधानसभा क्षेत्र के किसान विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अलग-अलग गांवों में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दो दिन पहले किसानों ने जहां घंटी बजाकर सरकार व सिस्टम का ध्यान आकर्षित कराने का प्रयास किया था, जबकि अब गांव-गांव में ‘मोदी भजन’ गाकर सरकार का ध्यान अपनी ओर खींचने का प्रयास कर रहे हैं। बता दें इछावर विधानसभा क्षेत्र प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा की गृह विधानसभा क्षेत्र है।

बीमा कंपनी के खिलाफ गुस्सा
किसान नेता एमएस मेवाड़ा ने बताया कि हम सब किसान मिलकर ‘मोदी भजन’ गाकर बीमा कंपनी के खिलाफ गुस्सा जता रहे हैं। श्री मेवाड़ा ने बताया कि बीमा कंपनी द्वारा क्लेम के रूप में जो राशि दी है, वह ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। इतनी राशि भी नहीं दी गई, जितनी किसानों द्वारा बीमा कराते समय कंपनी को प्रदान की थी।

100 से 1000 रुपए मिला मुआवज
किसान नेता श्री मेवाड़ा ने बताया कि बीते पांच सालों से प्राकृतिक आपदा, खराब बीज, अमानक कीटनाशक की वजह से उनकी फसलें खराब हो रही है, लेकिन बीमा कंपनी द्वारा 100 रुपए से लेकर 1000 रुपए प्रति एकड़ के मान से मुआवजा राशि दी गई है। इसी से हताश होकर किसान प्रदर्शन करने के लिए विवश है। हमने आंदोलन की शुरुआत जल सत्याग्रह के साथ की है, अब गांव-गांव में जाकर मोदी भजन गा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर