MP News : मध्यप्रदेश। नरसिंहपुर से सामने आई एक खबर ने भाजपा की किरकिरी कर दी है। बताया जा रहा है कि, यहां भाजपा नेता रेप केस में फंसाने के नाम पर वसूली करते हुए रंगे हाथों पकड़ाया। शिकायत के आधार पर पहले तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद शिकायतकर्ता पर शिकायत वापस लेने का भी आरोप लगाया गया।
इस मामले के सामने आने के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से कहा कि, मध्यप्रदेश में भाजपाई जो ना करें, वही कम है! हर गोरखधंधे में कहीं ना कहीं कोई भाजपाई सामने आ जाता है। नरसिंहपुर में भाजपा नेता छुट्टू महाराज को पुलिस ने रेप केस में फंसाने के नाम पर वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। हर तरह के अपराध में भाजपाइयों की संलिप्तता यह बताती है कि सत्ता के संरक्षण में नेताओं ने वसूली को हथियार बना लिया है।
दरअसल नरसिंहपुर में फर्जी रेप के मामले में फंसाने वाले एक गिरोह का भांडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने नए बस स्टैंड स्थित जय श्रीराम ट्रैवल्स ऑफिस से एक भाजपा नेता को करीब तीस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। भाजपा नेता की पहचान छुट्टू महाराज उर्फ बृजेंद्र दुबे के रूप में हुई है। जब उसे पुलिस ने छोड़ दिया तो शिकायतकर्ता को धमकी मिली कि, शिकायत वापस ले ली जाए। इसके बाद हिम्मत दिखाते हुए पीड़ित ने दोबारा शिकायत दर्ज की।
छुट्टू महाराज उर्फ बृजेंद्र दुबे के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। बयानों को दर्ज कर मामले की गहनता से जांच करने की बात कही गई है।
पीड़ित की शिकायत के अनुसार छुट्टू महाराज ने उसे फोन करके ट्रेवल्स ऑफिस बुलाया। यहां उससे कहा गया कि, महिला थाने में उसके खिलाफ रेप का केस दर्ज है। उस समय वहां पूना बाई चौधरी और संदीप राजपूत भी मौजूद थे। सभी ने उससे दो लाख रुपए की मांग की।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। हालांकि गिरफ्तारी के कुछ देर बाद ही छुट्टू महाराज को छोड़ दिया गया। पीड़ित अब सुरक्षा की गुहार लगा रहा है।