Sehore News : सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा स्थित वीआईटी (विक्रांत इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट) कॉलेज में मंगलवार देर रात छात्रों का गुस्सा आग बनकर फूट पड़ा। खराब भोजन और दूषित पानी से पीलिया समेत कई बीमारियां फैलने के आरोप में 3-4 हजार छात्रों ने कॉलेज परिसर को रणक्षेत्र बना दिया। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज की बस, एम्बुलेंस और दो चार पहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया। हॉस्टल की खिड़कियां, आरओ प्लांट और अन्य संपत्ति में भारी तोड़फोड़ की गई।
छात्रों के गंभीर आरोप
– हॉस्टल में घटिया खाना और दूषित पानी परोसा जा रहा है।
– पीलिया और अन्य बीमारियों से करीब 100 छात्र बीमार, कई भोपाल-सीहोर अस्पतालों में भर्ती।
– कुछ छात्रों की मौत होने की अफवाह (कॉलेज प्रशासन ने खारिज की)।
– शिकायत करने पर वार्डन-गार्ड्स ने मारपीट और धमकी दी।
रात भर चला कोहराम (Sehore News)
शांतिपूर्ण विरोध के दौरान कथित तौर पर गार्ड्स की मारपीट के बाद छात्रों का गुस्सा फट पड़ा। देखते-देखते हजारों छात्र एकजुट हो गए और परिसर में आगजनी-तोड़फोड़ शुरू कर दी। बस और एम्बुलेंस जलती रहीं, धुएं का गुबार पूरे कैंपस में छा गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई (Sehore News)
सूचना मिलते ही आष्टा SDM नितिन टाले, SDOP आकाश अमलकर और पांच थानों की भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पूरी रात समझाइश और सख्ती से स्थिति काबू की गई। भोजन-पानी के सैंपल लिए जाएंगे। बीमार छात्रों की पूरी रिपोर्ट तैयार होगी।
कॉलेज में 30 नवंबर तक अवकाश घोषित। आज (बुधवार) छात्र प्रतिनिधियों और प्रबंधन के साथ निर्णायक बैठक।
कॉलेज प्रशासन का पक्ष (Sehore News)
VIT के रजिस्ट्रार के.के. नायर ने कहा, “पीलिया या खराब पानी से किसी की मौत की खबरें पूरी तरह झूठी और भ्रामक हैं। कुछ छात्रों को मौसमी बीमारी हुई है, उनका इलाज चल रहा है। अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी।” फिलहाल कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात है। कई छात्र घर लौट चुके हैं। प्रशासन का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन छात्रों में अभी भी रोष बना हुआ है। बैठक के नतीजे पर सभी की नजरें टिकी हैं।