Chhindwara Crime News : प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, मां के अफेयर से नाराज बेटे ने दोस्तों संग प्रेमी की कर दी हत्या
Chhindwara Crime News : पुलिस के अनुसार, मां के प्रेम संबंध से नाराज बेटे ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 55 वर्षीय ध्रुपदास रेरवारे की हत्या की साजिश रची।
Chhindwara Crime News : मध्य प्रदेश। छिंदवाड़ा के बिछुआ थाना क्षेत्र के पुलपुलडोह गांव में प्रेम संबंध को लेकर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मां के प्रेम संबंध से नाराज बेटे ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 55 वर्षीय ध्रुपदास रेरवारे की हत्या की साजिश रची। वारदात का खुलासा रविवार रात पुलिस ने किया। मामले में मृतक की प्रेमिका, उसका बेटा और दो अन्य आरोपियों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लोहे की फूंकनी से किया जानलेवा हमला
पुलिस जांच में सामने आया कि ध्रुपदास रेरवारे का गांव की रहने वाली गीता बादशाह के साथ प्रेम संबंध था। गीता का बेटा कृष्णकांत बादशाह इस रिश्ते का विरोध करता था। इसी नाराजगी के चलते उसने अपने साथियों अजय उर्फ अज्जू और शकील कुरैशी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने ध्रुपदास के सिर पर लोहे की फूंकनी से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को स्टॉप डैम में फेंककर मिटाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को चादर में लपेटा और पल्सर बाइक की मदद से दांत फाड़िया नदी के स्टॉप डैम तक ले गए। वहां शव को पानी में फेंक दिया, ताकि वारदात के सबूत छिपाए जा सकें। पुलिस ने जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल लोहे की फूंकनी और शव ले जाने में उपयोग की गई पल्सर बाइक जब्त कर ली। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच से खुला अंधे कत्ल का राज
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में बिछुआ थाना पुलिस की अहम भूमिका रही। थाना प्रभारी सतीश उइके, चौकी प्रभारी रविंद्र सिंह डोंगरा और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
