Jabalpur Crime News : शादी से इनकार पर युवती पर 18 बार चाकू से हमला, कोर्ट ने भेजा जेल
Jabalpur Crime News : शुरुआती जांच में सामने आया है कि रिश्ता टूटने के बाद भी आरोपी लगातार युवती का पीछा करता रहा और कई बार रास्ते में रोककर बातचीत करने की कोशिश करता था।
Jabalpur Crime News : मध्य प्रदेश। जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर 27 वर्षीय युवती पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती पर चाकू से 18 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रिश्ता टूटने के बाद लगातार करता रहा पीछा
पुलिस के अनुसार, अप्रैल महीने में गोरखपुर निवासी 30 वर्षीय शुभम जांखड़े अपने परिवार के साथ युवती को देखने आया था। युवक का परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार था, लेकिन युवती ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच रिश्ता समाप्त हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रिश्ता टूटने के बाद भी आरोपी लगातार युवती का पीछा करता रहा और कई बार रास्ते में रोककर बातचीत करने की कोशिश करता था। युवती हर बार उससे दूरी बनाए रखती थी।
रास्ता रोककर किया हमला
शनिवार सुबह युवती अपनी स्कूटी से नौकरी पर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने रास्ता रोककर शादी का दबाव बनाया। युवती के मना करने पर उसने जेब से चाकू निकाला और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती पर 18 बार चाकू से वार किए। हमले में उसके हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घायल होने के बावजूद युवती ने काफी देर तक अपना बचाव किया।
घायल हालत में घर पहुंची, आरोपी गिरफ्तार
हमले के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवती खुद स्कूटी चलाकर घर पहुंची। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। भीड़ की पिटाई में आरोपी भी घायल हुआ, जिसके सिर पर चोट आई और हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण प्लास्टर चढ़ाया गया।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
भेड़ाघाट थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी पहले से चाकू लेकर आया था। अब यह जांच की जा रही है कि उसने हमले की योजना कब और कैसे बनाई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
