Jabalpur News : डॉक्टर का लोगो लगी कार से 20 किलो गांजा बरामद, ओडिशा से आ रहा था तस्कर
Jabalpur News : पुलिस के अनुसार कार चालक उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्य प्रदेश में दाखिल हुआ था।
Jabalpur News : मध्य प्रदेश। जबलपुर में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉक्टर का लोगो लगी एक कार से करीब 20 किलो गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात खमरिया थाना क्षेत्र के अमझर घाटी के पास की गई। पुलिस के अनुसार कार चालक उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्य प्रदेश में दाखिल हुआ था। पुलिस को देखकर आरोपी ने कार को जंगल की ओर मोड़ दिया, लेकिन रास्ता भटकने के बाद वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई
जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर सीएसपी सतीश कुमार साहू के नेतृत्व में खमरिया थाना पुलिस की टीम अमझर घाटी के नीचे वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्रधान आरक्षक आरती सोनकर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में बड़ी मात्रा में गांजा जबलपुर लाया जा रहा है।
सूचना में यह भी बताया गया था कि मादक पदार्थ को शहर के विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना थी। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।
यह खबर भी पढ़ें : MP CM Announcement: उज्जैन में शिक्षा और संस्कृति पर सीएम मोहन यादव की अहम घोषणाएं
पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागा चालक
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर जंगल की ओर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने काफी दूरी तक उसका पीछा किया।
भागने की जल्दबाजी में चालक रास्ता भटक गया और कार कीचड़ में फंस गई। इसके बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर उसकी तलाशी शुरू की।
कार से मिले 20 किलो गांजे के 10 पैकेट
तलाशी के दौरान पुलिस को कार के अंदर दो-दो किलो वजन के 10 पैकेट मिले। जब इन पैकेटों का वजन किया गया तो उनमें कुल 20 किलो गांजा पाया गया। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 12 हजार रुपये है। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
डॉक्टर का लोगो और छत्तीसगढ़ नंबर की कार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई कार का नंबर CG04-HB6745 है और उसके शीशे पर डॉक्टर का लोगो लगा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक उड़ीसा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्य प्रदेश पहुंचा था और जबलपुर से आगे किसी अन्य जिले की ओर जा रहा था। पुलिस अब वाहन के पंजीकरण और अन्य दस्तावेजों के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है।
भागते समय सड़क पर बैठे जानवर को भी मारी टक्कर
सीएसपी सतीश कुमार साहू ने बताया कि फरार होने के दौरान चालक ने सड़क पर बैठे एक जानवर को भी टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीणों ने भी संदिग्ध वाहन का पीछा किया और पुलिस को सहयोग दिया। बाद में पुलिस ने कार को जब्त कर उसकी विस्तृत जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। वाहन नंबर, बरामद सामान और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मादक पदार्थ की यह खेप किसके लिए लाई जा रही थी और इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।