Narsinghpur Crime News : जंगल में मिली तीसरी क्लास छात्रा का अर्धनग्न शव, पड़ोसी गिरफ्तार
Narsinghpur Crime News : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि आरोपी पेशे से मजदूर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
Narsinghpur Crime News : नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव क्षेत्र में आठ वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। बच्ची के लापता होने के कुछ घंटे बाद उसका शव जंगल में मिला। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर अपहरण के बाद दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई है। मामले में पड़ोस में रहने वाले 28 वर्षीय एक मजदूर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सहित फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
लापता होने के बाद शुरू हुआ सर्च अभियान
पुलिस के अनुसार, बच्ची बुधवार दोपहर घर से लापता हुई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शाम को गोटेगांव थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। देर रात गांव से कुछ दूरी पर जंगल में बच्ची का शव मिला। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू की।
आरोपी हिरासत में, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला
गुरुवार सुबह शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पहुंचे। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि कानूनी कार्रवाई जल्द पूरी हो सके। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि आरोपी पेशे से मजदूर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
घटना के विरोध में शहर बंद
घटना के विरोध में गुरुवार को गोटेगांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने शहर बंद रखा। बड़ी संख्या में नागरिक अस्पताल के बाहर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। लोगों ने दोषी को कड़ी सजा देने की मांग उठाई।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और शांतिपूर्ण तरीके से स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष और तेजी से पूरी की जाएगी।
