Chhindwara News : मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के राजोला गांव में पानी से फैली बीमारी ने हड़कंप मचा दिया है। उल्टी, दस्त और बुखार से ग्रामीण परेशान हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार इलाज कर रही है। सीएमएचओ डॉ. नरेश गोन्नाडे ने बताया कि अमरवाड़ा ब्लॉक के राजोला में मरीजों के लिए जिला व ब्लॉक स्तर की मेडिकल टीमें लगी हुई हैं। सर्विलांस के तहत घर-घर जाकर 458 घरों का सर्वे हो चुका है।
आंगनबाड़ी केंद्र पर 10 बेड का अस्थायी अस्पताल –
ग्राम पंचायत भवन व आंगनबाड़ी केंद्र पर 10 बेड का अस्थायी अस्पताल चल रहा है। यहां 374 मरीजों का तुरंत इलाज हुआ। 141 को आईवी फ्लूइड दिए गए। सभी को दवाएं बांटी गईं। जिला टीम में डॉ. धीरज दवंडे (डीएचओ), डॉ. राहुल नाग (एपिडेमियोलॉजिस्ट), डॉ. हर्षवर्धन लोनकर, डॉ. सुमित मोहबे, डॉ. अजय राजपूत, डॉ. सुनील कुमार बाजिया शामिल हैं। ब्लॉक टीम में डॉ. करुष ठाकुर (बीएमओ), डॉ. अहमद, अखिलेश देशमुख (बीपीएम), सीएचओ, एएनएम व एमपीडब्ल्यू हैं।
प्रशासन ने तुरंत की कार्रवाई –
मंगलवार दोपहर गांव में अचानक बीमारी की खबर लगते ही कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने एसडीएम हेमकरण धुर्वे व स्वास्थ्य टीम को रवाना किया। 233 मरीजों का इलाज हुआ। 93 को ड्रिप चढ़ाई, 10 गंभीर को सिंगोड़ी अस्पताल भेजा। 150 को दवाएं दीं। आपात स्थिति के लिए 4 एम्बुलेंस तैनात हैं, ताकि मरीजों को जल्द जिला अस्पताल पहुंचाया जा सके।
अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह ने कलेक्टर को फोन कर स्थिति बताई। एसडीएम व स्वास्थ्य अधिकारियों को गांव भेज इलाज के आदेश दिए। पीएचई एसडीओ चौधरी को ओवरहेड टैंक साफ कर साफ पानी उपलब्ध कराने को कहा। मौके पर विधायक प्रतिनिधि दीपक नेमा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोनू सरसबर, डॉ. उमेश शर्मा, मुकेश सूर्यवंशी, रमेश पहलवान, प्रसादी पटेल, जनपद सीईओ जयदेव शर्मा, तहसीलदार सृष्टि डेहरिया व तहसीलदार भूरिया उपस्थित थे।