Jabalpur News : जबलपुर। सेंट्रल GST (CGST) विभाग के अधिकारियों की रिश्वतखोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। CBI ने बुधवार शाम इंस्पेक्टर सचिन खरे को 4 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ने के लिए करीब 5 किलोमीटर तक बाइक का पीछा किया। मदन महल स्टेशन के पास रिश्वत लेने के बाद इंस्पेक्टर बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन CBI टीम ने उसे धर दबोचा। रकम बाइक की डिक्की में मिली।
तीनों अधिकारियों के घर और कार्यालयों पर छापेमारी (Jabalpur News)
पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ कि सहायक आयुक्त विवेक वर्मा और अधीक्षक मुकेश बर्मन भी इस रिश्वत कांड में शामिल थे। CBI ने तीनों अधिकारियों के घर और कार्यालयों पर छापेमारी कर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। गुरुवार को सहायक आयुक्त विवेक वर्मा और इंस्पेक्टर सचिन खरे को CBI की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
रिश्वत की मांग 10 लाख रुपये की (Jabalpur News)
जानकारी के अनुसार, होटल संचालक विवेक त्रिपाठी से तीनों अधिकारियों ने कुल 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इनमें से 4 लाख रुपये इंस्पेक्टर सचिन खरे ने लिए थे। मुख्य आरोपी अधीक्षक मुकेश बर्मन अभी फरार है और CBI की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।