MP News : छतरपुर। खजुराहो में सोमवार को चल रही मंत्रियों की विभागीय समीक्षा बैठक के ठीक बाहर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बमीठा थाना क्षेत्र में हजारों किसानों ने खाद की भयानक किल्लत के खिलाफ NH-39 (खजुराहो-छतरपुर) पर चक्का जाम कर दिया। इससे खजुराहो जा रहे मंत्रियों और अधिकारियों की गाड़ियां भी फंस गईं।
हरपालपुर में भी हंगामा (MP News)
झांसी-मिर्जापुर NH-76 पर हरपालपुर में भी किसानों ने थाने के सामने हाइवे जाम कर दिया। दोनों जगह पुलिस-प्रशासन समझाने में जुटा रहा, लेकिन किसान टस से मस नहीं हुए। सटई रोड मंडी में देर रात से लाइन लगी है, 1300 से ज्यादा टोकन बांटे जा चुके हैं।
क्या है वजह? (MP News)
डीएपी-यूरिया की भारी किल्लत चल रही है। ब्लैक में डीएपी 1900-2000 और यूरिया 500-600 रुपये प्रति बोरी बिक रही है। पिछले हफ्ते सौरा मंडल में तहसीलदार ऋतु सिंघई द्वारा एक छात्रा को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने से भी लोग गुस्सा है।
ईसानगर तहसीलदार और SDM पर भी महिलाओं से बदसलूकी के आरोप हैं।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तहसीलदार को नोटिस जारी किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर आई। लेकिन अभी तक किसी पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
खजुराहो में बैठक कर रहे मंत्रियों को किसानों के इस प्रदर्शन की भनक तक नहीं लगी, क्योंकि जाम उनके रूट से थोड़ा हटकर था। लेकिन पूरे जिले में खाद की किल्लत और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं। किसान कह रहे हैं – “बुवाई का सीजन है, खाद नहीं मिली तो फसल कैसे होगी?” प्रशासन ने अतिरिक्त खाद मंगाने और ब्लैक मार्केटिंग पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन किसान मानने को तैयार नहीं। आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन होने की आशंका है।