MP News : मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। इंदौर में विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा सरकार पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने सरकार को ‘मूर्खों की जमात’ करार दिया, जिस पर भाजपा ने जोरदार जवाब दिया और वर्मा को ‘दुर्जन सिंह’ तक कह डाला।
बैठक के बाद भड़की सियासी जंग (MP News)
रविवार को इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में शहर के विकास कार्यों पर चर्चा हुई। बैठक खत्म होने के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए। दोनों पार्टियों के नेता विकास योजनाओं को लेकर एक-दूसरे पर निशाना साधने लगे, जिससे मुद्दा गर्मा गया।
वर्मा का तीखा हमला (MP News)
दिल्ली से जारी एक वीडियो संदेश में सज्जन वर्मा ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उनकी नीतियां और योजनाएं गलत हैं, जो इंदौर के विकास में रोड़ा बन रही हैं। उन्होंने सरकार को ‘मूर्खों की जमात’ कहकर आड़े हाथों लिया। वर्मा का दावा है कि इंदौर में एलिवेटेड ब्रिज का प्लान उनके मंत्री काल में तैयार हुआ था, टेंडर हो चुके थे और फंड भी जारी हो गया था। लेकिन भाजपा ने क्रेडिट न देने के लिए इसे रोक दिया।
बीआरटीएस पर भ्रष्टाचार का इल्जाम (MP News)
वर्मा ने बीआरटीएस प्रोजेक्ट को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण में करोड़ों का घोटाला हुआ और अब प्रक्रिया में भी अनियमितताएं हो रही हैं। अगर छह साल पहले सही निर्णय लिया जाता, तो बीआरटीएस को हटाने की नौबत ही नहीं आती। उन्होंने जनता से अपील की कि वे तय करें कि कब इस ‘मूर्खों की जमात’ से शहर को आजादी मिलेगी।
भाजपा का पलटवार (MP News)
इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वर्मा के बयान को भ्रामक बताते हुए उन्हें ‘दुर्जन सिंह’ कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता तथ्यों को तोड़-मरोड़कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। महापौर ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है और दूरगामी फैसले ले रही है।
कांग्रेस पर आरोप (MP News)
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस शासन में एलिवेटेड ब्रिज के लिए केंद्र के मंत्री नितिन गडकरी ने फंड जारी किया था। गडकरी ने कभी विकास को राजनीति से नहीं जोड़ा, लेकिन वर्मा अपने फायदे के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। इस विवाद ने इंदौर की राजनीति को और गर्मा दिया है, जहां विकास मुद्दों पर सियासी घमासान जारी है।