– हाथों में डंडा लेकर चल रही गुलाबी गैंग, शराबी देखते ही हो रहे 9-2-11
Chhindwara News : छिंदवाड़ा. मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा शहर में इन दिनों गुलाबी गैंग का खासा बोलवाला है. दरअसल, यह गुलाबी गैंग शहर में खुले व सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों के लिए आफत बनी हुई है. गुलाबी गैंग हाथों में डंडे लेकर चल रही है, जिन्हें देखते ही शराबी 9-2-11 हो रहे हैं.
बता दें छिंदवाड़ा शहर में खुले में सडक़ किनारे शराब पीना आम बात थी. यह शराबी शराब पीने के बाद राहगीरों के लिए परेशानी भी बनते थे, उन पर फब्तियां कसते थे, लेकिन अब शहर में महिलाओं का समूह बना है, जिसे गुलाबी गैंग नाम दिया गया है. गुलाबी गैंग की महिला सदस्यों के मैदान में उतरने के बाद मानों अब छिंदवाड़ा में खुले में शराब पीने वालों की आफत आ गई है.
हाथों में डंडा लेकर चलती है गैंग
शहर के बस स्टैंड पर लंबे समय से एक अवैध अहाता चल रहा था. आमजनों द्वारा इस अवैध अहाते की शिकायत आबकारी विभाग सहित पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही थी. यह अवैध अहाता आमजनों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था. जब इस अवैध अहाते के संबंध में लोगों ने गुलाबी गैंग से शिकायत की थी तो गुलाबी गैंग की सदस्य हाथों में डंडे लेकर इस अवैध अहाते पर जा पहुंची.
चलो निकलो यहां से…
गुलाबी गैंग की जिलाध्यक्ष पूर्णिमा वर्मा के नेतृत्व में इस अवैध अहाते पर पहुंची सदस्यों ने शराब पी रहे लोगों से कहा कि चलो निकलो यहां से… महिलाओं के हाथों में डंडे देख व महिलाओं का आक्रोशित चेहरा देखते ही शराब पी रहे लोग भी 9-2-11 होते नजर आए, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल हो रहे वीडियो में गुलाबी गैंग की महिलाएं हाथ में डंडा लेकर शराबियों को दौड़ाती हुई नजर आ रही हैं.
थाने पहुंचा मामला
इधर गुलाबी गैंग की इस वजनदारी का मामला थाने भी जा पहुंचा. जिस दुकान पर यह सब हुआ, वह दुकान का मालिक कोतवाली थाने पहुंचा, जहां उसने गैंग की अध्यक्ष पूर्णिमा वर्मा व उनकी टीम के खिलाफ दुकान में तोडफ़ोड़ करने का आवेदन दिया है. इधर पुलिस का कहना है कि आवेदन मिला है, जांच की जा रही है.