Mahakaushal Times

MP में कानून का राज : VHP की बैठक में CM यादव बोले – यहां मछली…मगर सबको ठिकाने लगाया

VHP की बैठक में CM यादव

इंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने शनिवार को इंदौर में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की अखिल भारतीय बैठक में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ अपनी सरकार की सख्त नीति का जिक्र करते हुए कहा, “हमारी सरकार ने मछली-मगर सबको ठिकाने लगाया है। कानून सबके लिए बराबर है, चाहे कोई कितना भी रसूखदार हो।” यह बयान हाल ही में भोपाल में मछली परिवार के खिलाफ हुई बुलडोजर कार्रवाई और उनके कथित अवैध कारोबार के संदर्भ में देखा जा रहा है।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार तीनों नए आपराधिक कानूनों को लागू करने में सबसे तेजी से काम कर रही है। उन्होंने लाउडस्पीकर के दुरुपयोग पर नियंत्रण का जिक्र करते हुए कहा, “हमने 60 हजार से ज्यादा अनधिकृत माइक उतारे हैं। सभी को अपने धर्म की इबादत की पूरी छूट है लेकिन कानून का पालन करना अनिवार्य है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि मांस बिक्री के लिए फूड सेफ्टी नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

विश्व हिंदू परिषद की बैठक शहर के एक गार्डन में आयोजित की गई, जिसमें विहिप के राष्ट्रीय पदाधिकारी और अन्य नेता शामिल हुए। इसके बाद सीएम डॉ. यादव दलाल बाग पहुंचे, जहां वे श्री जैन श्वेतांबर मालवा महासंघ के 14वें अधिवेशन और श्रीसंघ मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आचार्य विश्वरत्न सागर जी का आशीर्वाद लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी जन्मदिन (17 सितंबर) के लिए भी आशीर्वाद मांगा। सीएम ने कहा, “पीएम मोदी के जन्मदिन पर उनकी मध्य प्रदेश यात्रा के दौरान कई सौगातें मिलेंगी।”

मछली परिवार पर कार्रवाई का जिक्र
सीएम के ‘मछली-मगर’ वाले बयान का सीधा संबंध भोपाल के हाई-प्रोफाइल मछली परिवार से जोड़ा जा रहा है। हाल ही में मछली परिवार पर ड्रग तस्करी, रेप-ब्लैकमेलिंग और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। उनके करोड़ों रुपये के अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया था। इसके अलावा, परिवार के कुछ नेताओं से कथित संबंध भी जांच के दायरे में हैं। सीएम ने साफ किया कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर