इस मैच के सबसे बड़े आकर्षण युवा सनसनी अभिषेक शर्मा रहे। टी20 वर्ल्ड कप के दौरान अपनी फॉर्म को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे अभिषेक ने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए महज 42 गेंदों पर 94 रनों की आतिशी पारी खेली। हालांकि, वह अपने शतक से मात्र 6 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में वही पुरानी लय और आक्रामकता नजर आई जो न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल में दिखी थी। उनके साथ ही, जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा महफिल लूटी, वह हैं सलील अरोड़ा। आईपीएल 2026 की नीलामी में 1.50 करोड़ की कीमत पर खरीदे गए सलील ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाते हुए एक ही ओवर में लगातार 5 गेंदों पर 5 गगनचुंबी छक्के जड़कर सनसनी फैला दी। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के अपने शानदार प्रदर्शन को यहाँ भी दोहराया और 26 गेंदों पर 56 रनों की बेखौफ पारी खेली।
मैच के विवरण पर नजर डालें तो, SRH A ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 21 ओवरों में 9 विकेट खोकर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। अभिषेक के अलावा हेनरिक क्लासेन ने भी 31 गेंदों पर 49 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। जवाब में SRH B के बल्लेबाजों ने तो और भी घातक रुख अपनाया और निर्धारित 20 ओवरों में ही 9 विकेट पर 282 रन बना डाले। टीम के कप्तान ईशान किशन ने इस मैच में दो बार बल्लेबाजी का अभ्यास किया। पहली पारी में सस्ते में आउट होने के बाद, दूसरी पारी में उन्होंने गेंदबाजों को रिमांड पर लिया और मात्र 25 गेंदों में 72 रनों की विस्फोटक पारी खेल डाली। अंत में हर्ष दुबे ने 14 गेंदों पर 37 और लियाम लिविंगस्टोन ने 21 गेंदों पर 34 रन बनाकर स्कोर को 280 के पार पहुँचाया।
बल्लेबाजों के इस आतंक के बीच अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने अपनी चतुराई भरी गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा। जहाँ अन्य गेंदबाज रनों की गति रोकने में नाकाम रहे, वहीं उनादकट ने 5 विकेट चटकाकर अपनी उपयोगिता साबित की। गौरतलब है कि इंट्रा-स्क्वॉड मैचों में कोई कड़े नियम नहीं होते, जिसका मकसद खिलाड़ियों को अपनी तकनीक और रणनीति पर काम करने की पूरी आजादी देना होता है। SRH के इस अभ्यास मैच ने यह संकेत दे दिया है कि इस बार हैदराबाद की टीम फियरलेस क्रिकेट के नए आयाम स्थापित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।