कोमिला सदर साउथ पुलिस स्टेशन के ईपीजेड चौकी के सब इंस्पेक्टर सैफुल इस्लाम ने बताया कि मरने वालों में सात पुरुष, तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि इलाज के दौरान अन्य मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई।
स्थानीय सूत्रों और पुलिस के अनुसार, ट्रेन मामून स्पेशल बस को जंगल्या कचुआ क्षेत्र में लगभग आधा किलोमीटर तक घसीटती हुई ले गई। घटना के समय क्रॉसिंग पर कोई गेटमैन मौजूद नहीं था। घटना के बाद फायर सर्विस, हाईवे पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुँचे और घायल यात्रियों को अस्पताल ले गए।
बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, हादसे वाली बस चपैनवाबगंज से लक्ष्मीपुर जा रही थी। ट्रेन के इंजन में बस उलझ गई और ट्रेन रुकने से पहले लगभग एक किलोमीटर तक बस घिसटती चली गई। इसके कारण बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक 18 घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से आठ अभी भी भर्ती हैं।
रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के लिए दो कमेटियां गठित की हैं, एक डिविजनल और एक रीजनल। इसके अलावा, पडुआर बाजार क्रॉसिंग के दो गेटमैन मेहदी हसन और हेलाल उद्दीन को सस्पेंड कर दिया गया है। हादसे के कारण ढाका चटगांव रेल मार्ग पर ट्रेन सेवा तीन घंटे तक बाधित रही। बांग्लादेश रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना का कारण और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जांच की जा रही है। घटना ने पूरे इलाके में चिंता और सदमे का माहौल पैदा कर दिया है।