MP Politics : मध्यप्रदेश। एमपी की राजधानी से देश की राजधानी दिल्ली तक मध्यप्रदेश के नेताओं की मुलाकातों का दौर जारी है। एक ओर जहां मुख्यमंत्री प्रदेश के कद्दावर नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री भी मुलाकातों के सिलसिले में शामिल हैं।
बीते एक हफ्ते से सीएम मोहन यादव मध्यप्रदेश के अलग-अलग कद्दावर नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। सीएम यादव बीते तीन दिन से दिल्ली के दौरे पर भी थे। इस दौरान वे भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं से भी मिले। कुछ लोग इसे सामान्य से मुलाकातों का दौर बता रहे हैं लेकिन राजनीतिक पंडित कुछ बड़ा होने का अनुमान लगा रहे हैं।
कुछ लोगों का मानना है कि, मीटिंग्स का उद्देश्य बोर्ड और निगम में नियुक्ति है। सीएम मोहन यादव की मुलाकात विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भी हुई है। दोनों नेताओं के बीच घंटों चर्चा हुई थी। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान और अन्य नेताओं के साथ भी सीएम की मुलाकात हुई। शिवराज सिंह चौहान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल से भी मिल चुके हैं।
ध्यान देने वाली बात है कि, सीएम मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान तीन बार एक दूसरे से मिले हैं। दो बार दोनों नेताओं की अकेले में मुलाकात हुई जबकि एक बार दोनों की मुलाकात और चर्चा दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर में हुई।