MP News : मध्यप्रदेश। हत्या का केस, जमानत पर बाहर आते ही युवती से छेड़छाड़…भाजपा के कथित नेता का ये ट्रैक रिकॉर्ड बीजेपी की किरकिरी करवा रहा है। मामला मैहर का है। यहां युवती से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि, मैहर थाना पुलिस ने पूर्व भाजपा युवा मोर्चा अमदरा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया है। पुष्पेंद्र चतुर्वेदी पर छेड़छाड़ करने और युवती को ब्लैकमेल करने का आरोप है। पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया और वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूर्व भाजपा युवा मोर्चा अमदरा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र चतुर्वेदी के कई बड़े भाजपा नेताओं के साथ संबंध हैं। वह पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव का भी करीबी बताया जा रहा है। इस मामले के सामने आने के बाद कांग्रेस भाजपा पर हमलावर है। पुष्पेंद्र चतुर्वेदी की कई तस्वीरें सामने आई हैं जिनमें वह छत्तीसगढ़ के दिग्गज नेता व रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ भी दिखाई दे रहा है। ये तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हैं।