Indore MY Hospital Rat Infestation : मध्यप्रदेश। इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल में चूहों के काटने से दो नवजातों की मौत के बाद बनी जांच कमेटी ने अस्पताल के डीन और अधीक्षक को भी जिम्मेदार ठहराया है। कमेटी की रिपोर्ट में बताया गया कि पेस्ट कंट्रोल वाली कंपनी को हर महीने 2 करोड़ 20 लाख 46 हजार 415 रुपये दिए जाते हैं। यह रिपोर्ट अदालत में सौंपी गई है।
इनके खिलाफ भी हुआ एक्शन :
हादसे के बाद मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. घनघोरिया ने फौरन कदम उठाए। नर्सिंग ऑफिसर आकांक्षा बेंजामिन और श्वेता चौहान को निलंबित कर दिया। सहायक प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर कलावती बलावी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। पीआईसीयू प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर प्रवीणा सिंह और पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. मनोज जोशी को भी नोटिस थमाया।
पेस्ट कंट्रोल एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना :
आईसीयू इंचार्ज व सहायक इंचार्ज पर कार्रवाई हुई। नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मारग्रेट जोसेफ को हटा दिया गया और उनकी जगह सिस्टर दयावती दयाल को नया सुपरिटेंडेंट नियुक्त किया। पेस्ट कंट्रोल एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
मानवाधिकार आयोग ने मामले का संज्ञान लिया :
जांच के लिए ऊपरी स्तर की कमेटी बनी, जिसमें डॉ. एस.बी. बंसल, डॉ. शशि शंकर शर्मा, डॉ. अरविंद शुक्ला, डॉ. निर्भय मेहता, डॉ. बसंत निगवाल और नर्सिंग ऑफिसर सिस्टर दयावती दयाल शामिल हैं। मानवाधिकार आयोग ने मामले का संज्ञान लिया। आयोग ने अस्पताल अधीक्षक को एक महीने में जांच पूरी कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे।