MP Cough Syrup Scandal : मध्यप्रदेश। जहरीली कफ सिरप कोल्ड्रिफ से 25 बच्चों की मौत के मामले ने पूरे देश में सनसनी फैला दी है। अब पुलिस ने होलसेलर न्यू अपना फार्मा के मालिक राजेश सोनी और परासिया के अपना मेडिकल स्टोर के केमिस्ट सौरभ जैन को भी सह-आरोपी बना लिया है। ड्रग विभाग की रिपोर्ट से पता चला कि दोनों ने सिरप बेचने का हिसाब छिपाया और बची बोतलें जांच टीम को नहीं दीं। पुलिस का मानना है कि इससे अहम सबूत मिटाने की कोशिश हुई।
कोल्ड्रिफ सिरप की बिक्री का रिकॉर्ड नहीं रखा :
एसपी अजय पांडे ने कहा कि ड्रग विभाग ने रिपोर्ट दी है। इसमें साफ लिखा है कि पुराना पावर हाउस वाली न्यू अपना फार्मा के राजेश सोनी ने कोल्ड्रिफ सिरप की बिक्री का रिकॉर्ड नहीं रखा और बाकी सिरप जब्त नहीं किया। इसी तरह डॉ. प्रवीण सोनी के क्लीनिक के पास अपना मेडिकल के सौरभ जैन ने भी ऐसा ही किया।
राजेश सोनी मुख्य आरोपी डॉ. प्रवीण सोनी का भतीजा है :
जांच से साबित हो गया कि दोनों ने जानकर प्रतिबंधित सिरप नहीं सौंपा, ताकि जांच भटक जाए। इसी वजह से इन्हें बच्चों की मौत के केस में सह-आरोपी बनाया गया। राजेश सोनी मुख्य आरोपी डॉ. प्रवीण सोनी का भतीजा है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ईडी की छापेमारी से एसआईटी की जांच रुकी :
दूसरी तरफ, सोमवार सुबह 6:30 बजे एसआईटी टीम मुख्य आरोपी रंगनाथन को लेकर तमिलनाडु पहुंची। लेकिन उससे पहले ही ईडी ने श्रीसन फार्मा और रंगनाथन के करीबियों के ठिकानों पर दबिश दे दी। इससे एसआईटी श्रीसन फार्मा में जांच नहीं शुरू कर सकी। ईडी की कार्रवाई खत्म होने पर ही एसआईटी को दस्तावेज और सबूत जुटाने की इजाजत मिलेगी।
सूत्र बताते हैं कि जांच एजेंसियों के बीच तालमेल न होने से प्रक्रिया थोड़ी बाधित हुई। फिर भी एसआईटी का दावा है कि जल्द फार्मा कंपनी से सारी जानकारी इकट्ठा कर रिपोर्ट बनाई जाएगी।