Mahakal Mandir AI Video : मध्यप्रदेश। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की पवित्रता और लाखों भक्तों की आस्था से खिलवाड़ करने वाले एक एआई जनरेटेड वीडियो पर मंदिर प्रबंध समिति ने सख्त कदम उठाए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में कार्टून किरदार डोरेमॉन को दिखाया गया है, जो धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाता है। इसमें गर्भगृह के बाहर एक सुरक्षाकर्मी को जूते पहने हुए भी चित्रित किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में गुस्सा भड़क उठा।
आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग :
मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने इसे गंभीर अपराध करार दिया। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की मर्यादा से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। वीडियो पूरी तरह कृत्रिम बुद्धिमत्ता से बना लगता है, जिसे असली जैसा दिखाने की कोशिश की गई। समिति ने फौरन महाकाल थाने को पत्र देकर वीडियो बनाने और फैलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
महाकाल मंदिर करोड़ों लोगों की श्रद्धा का प्रतीक :
प्रशासक कौशिक के मुताबिक, महाकाल मंदिर करोड़ों लोगों की श्रद्धा का प्रतीक है। एआई के जरिए ऐसी गलतफहमियां फैलाना अपराध है। जल्द ही आरोपी पर कानूनी कार्रवाई होगी। इस घटना ने धार्मिक जगहों से जुड़े सामग्री में एआई के गलत इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए। मंदिर प्रशासन ने साफ कहा कि पवित्रता की रक्षा के लिए कोई ढील नहीं बरती जाएगी।