Omkareshwa News : मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर-मोरटक्का सड़क पर गुरुवार दोपहर एक भयानक हादसा हो गया। इंदौर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे हरिराम यादव के निजी होटल में घुस गई। बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे। इस दुर्घटना में 25 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत नाजुक है।
हादसा ऋतंभरा जी के आश्रम के सामने हुआ। महाराष्ट्र नंबर वाली बस (एमएच-40 वाय 6568) का संतुलन बिगड़ा और ड्राइवर उसे संभाल न सका। टक्कर इतनी तेज थी कि होटल का आगे का हिस्सा ध्वस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें ओंकारेश्वर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर घायलों को खंडवा व इंदौर रेफर किया गया।
थाना प्रभारी अनोख सिंधिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत कार्य संभाला और बस जब्त कर हादसे की जांच शुरू कर दी। होटल मालिक हरिराम यादव ने बताया कि वह सामने ही बैठे थे। बस ने दीवार तोड़ दी, लेकिन भगवान की मेहरबानी से वे बच गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सिंहस्थ 2028 की तैयारी के चलते सड़क निर्माण से रास्ता संकरा हो गया है। जगह-जगह गड्ढे व अधूरे काम खुले पड़े हैं, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क चौड़ी करने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार न हुआ, तो आंदोलन करेंगे।