Jabalpur News : मध्यप्रदेश। जबलपुर के गोराबाजार थाना क्षेत्र के तिलहरी मेन रोड पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम को निशाना बनाकर बदमाशों ने विस्फोट की कोशिश की। उन्होंने मशीन पर सुतली का देशी बम रखकर उसे फोड़ने की कोशिश की, लेकिन यह प्रयास नाकाम रहा। कोई बड़ा धमाका नहीं हुआ।
बैंक प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि बदमाशों ने एटीएम में रस्सी बम डालकर आग लगाने की कोशिश की। उनका मकसद मशीन तोड़कर कैश लूटना था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फुटेज से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश हो रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि बदमाश कब पहुंचे और कैसे वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू हो गई है।
बैंक के कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई तो मैनेजर से जवाब मांगा जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।