Mahakaushal Times

खम्हरिया में लाल पोटली से मिला बच्चे का नरकंकाल, तंत्र-मंत्र की आशंका से दहशत में ग्रामीण


नई दिल्ली।  सीधी जिले के भुईमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत खम्हरिया गांव में उस समय दहशत फैल गई जब ग्रामीणों ने गांव के बाहर बांस के पेड़ पर एक लाल कपड़े की संदिग्ध पोटली देखी। पहले तो लोगों को शक हुआ, लेकिन जब पोटली खोली गई तो उसके अंदर एक छोटे बच्चे का नरकंकाल मिला। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

तंत्र-मंत्र और कब्र से शव निकालने की आशंका
ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोगों का मानना है कि यह तंत्र-मंत्र या जादू-टोने से जुड़ा मामला हो सकता है। स्थानीय निवासी सत्य प्रकाश बैगा के अनुसार, आशंका है कि यह नरकंकाल उसी बच्चे का हो सकता है जिसे कुछ समय पहले गांव में दफनाया गया था। जब ग्रामीणों ने दफन स्थल पर जाकर जांच की तो वहां खुदाई के निशान और गड्ढा मिला, जिससे यह संदेह और गहरा गया कि किसी ने कब्र से शव निकालकर इस तरह रखा हो सकता है।

पुलिस जांच में जुटी, सभी एंगल से पड़ताल
घटना की जानकारी मिलते ही भुईमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में दफन स्थल पर खुदाई के संकेत मिले हैं। वहीं एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि यह पोटली उसके घर में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रखी गई थी, जिसे बाद में बांस के पेड़ पर रखा गया। थाना प्रभारी डी.डी. सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर सच्चाई का पता लगाया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल गांव में दहशत और रहस्य का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर