Balaghat News : बालाघाट, मध्य प्रदेश। बालाघाट में शनिवार रात ‘नो हेलमेट-नो राइड’ अभियान के दौरान उस समय गहमागहमी मच गई, जब पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य मिश्रा ने बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चला रहे पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे को रोक लिया। ट्रैफिक नियम तोड़ने पर एसपी ने पूर्व विधायक का ₹2300 रुपये का चालान काटा, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। इस पूरे नाटकीय घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
‘क्या यह चोरी की गाड़ी है?’
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे एसपी आदित्य मिश्रा शहर में हेलमेट चेकिंग अभियान का निरीक्षण कर रहे थे। उसी दौरान उन्होंने पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे को बिना हेलमेट बाइक चलाते देखा और उन्हें रोक लिया। जब एसपी ने उनसे वाहन के कागजात मांगे, तो मुंजारे नाराज़ हो गए और सवाल किया, “क्या यह चोरी की गाड़ी है जो आप मुझसे कागज़ मांग रहे हैं?” इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
चालान न भरने पर बाइक जब्त
बहस के बाद एसपी मिश्रा ने नियम तोड़ने के आरोप में पूर्व विधायक का ₹2300 का चालान काट दिया। हालांकि, मुंजारे ने पुलिस कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताते हुए कहा कि जब उनका चालान काटा जा रहा था, तब कई अन्य लोग बिना हेलमेट के गुजर रहे थे, लेकिन पुलिस ने किसी पर कार्रवाई नहीं की।
जब पूर्व विधायक ने चालान की रकम जमा नहीं की, तो पुलिस ने उनकी मोटरसाइकिल जब्त कर थाने भिजवा दी।
एसपी: ‘कानून सबके लिए बराबर’
एसपी आदित्य मिश्रा ने इस कार्रवाई पर अपनी बात रखते हुए कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। उन्होंने कहा, “कुछ लोग यह दिखाना चाहते हैं कि नियम उन पर लागू नहीं होते, लेकिन ऐसा नहीं होगा। जो भी नियम तोड़ेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि हेलमेट पहनना केवल व्यक्तिगत सुरक्षा नहीं, बल्कि जीवन बचाने का नियम है, और अगर जनप्रतिनिधि ही नियम तोड़ेंगे, तो जनता को क्या संदेश जाएगा?
‘सॉरी’ बोलने वाले को ‘थैंक यू’
इसी घटनाक्रम के दौरान एक अन्य वाकया भी हुआ, जब बिना हेलमेट आए एक अन्य बाइक सवार राजेश गांधी ने तुरंत “सॉरी” कहा। एसपी ने मुस्कराते हुए उन्हें “थैंक यू” कहा और जाने दिया। यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब देखा जा रहा है।