RTI Activist Rasik Bhai Murder Case : मध्यप्रदेश। इंदौर पुलिस ने गुजरात के बहुचर्चित दिव्यांग RTI एक्टिविस्ट रसिक भाई की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को धर दबोचा है। आरोपी की पहचान कमलेश सोलंकी के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर सुपारी लेकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।
गुजरात पुलिस के इनपुट पर कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात पुलिस द्वारा दिए गए इनपुट के आधार पर भंवरकुआं थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोलंकी को इंदौर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद, आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए गुजरात पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
13 अक्टूबर को मिला था शव
गौरतलब है कि दिव्यांग आरटीआई कार्यकर्ता रसिक भाई का शव 13 अक्टूबर को गुजरात पुलिस को थराद नर्मदा नहर से बरामद हुआ था। हत्या के इस जघन्य मामले में मुख्य आरोपी कमलेश सोलंकी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था, जिसे अब इंदौर पुलिस ने पकड़कर मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।