मध्यप्रदेश। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने T20 वर्ल्ड कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को करारी शिकस्त देकर विश्व विजेता का खिताब हासिल किया। टीम इंडिया ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस विजय टीम में बुंदेलखंड के छतरपुर जिले की बेटी, तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ भी शामिल थीं, जिनके प्रदर्शन ने टीम को मजबूती दी।
CM ने की 1 करोड़ रुपए के इनाम की घोषणा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय महिला टीम की इस शानदार जीत पर तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा –
“कल क्रिकेट में बेटियों ने धमाल मचा दिया। विश्व विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम में मध्य प्रदेश की बेटी एवं प्रतिभावान खिलाड़ी क्रांति गौड़ को मध्य प्रदेश सरकार की ओर से ₹1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।”
छतरपुर और घुवारा में देर रात तक जश्न
भारतीय टीम के फाइनल में प्रवेश करने के बाद से ही क्रांति गौड़ के पैतृक नगर घुवारा और छतरपुर जिले में जश्न का माहौल था। फाइनल मैच देखने के लिए जगह-जगह बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी।
क्रांति गौड़ के घर पर भी बड़ी स्क्रीन की व्यवस्था की गई थी, जहां नगर के लोगों के साथ पूरा परिवार मैच पर टकटकी लगाए बैठा रहा। जैसे ही रात के 12 बजे भारतीय महिला टीम ने वर्ल्ड कप जीता, पूरे इलाके में जोरदार आतिशबाजी शुरू हो गई और लोग खुशी से झूम उठे।