Narsinghpur News : मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद आरोपी पति खुद चलकर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपनी वारदात कबूल की, जिससे पुलिस स्टेशन में हड़कंप मच गया।
करेली थाना क्षेत्र की घटना
यह सनसनीखेज घटना करेली थाना क्षेत्र के बसेड़ी गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी कस्तूरी बाई (मृतिका) का उनके पति इंद्रजीत लोधी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर इंद्रजीत ने अपना आपा खो दिया।
गुस्से में पति ने घर में रखा चारा काटने वाला हसिया उठाया और अपनी पत्नी कस्तूरी बाई पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्यारे पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी इंद्रजीत लोधी सीधे करेली थाने पहुंचा और पूरी वारदात की जानकारी पुलिस को दी। हत्यारे पति को अचानक थाने में देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए।
पुलिस ने तत्काल आरोपी इंद्रजीत लोधी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम बसेड़ी गांव स्थित घटनास्थल पर पहुंची, जहां से मृतिका के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। करेली थाना पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।