नई दिल्ली । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर में हुए पेट्रोल पंप आग हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। सोमवार रात भारत पेट्रोल पंप पर अचानक भड़की आग में 13 लोग झुलस गए, जबकि 12 मोटरसाइकिल और एक डीजल टैंकर जलकर खाक हो गया।
अब इस दर्दनाक हादसे का एक नया वीडियो सामने आया है, जो लोगों को झकझोर रहा है। वीडियो में आग में झुलसा एक युवक अस्पताल ले जाए जाने के बजाय अपने पैसों की चिंता करता नजर आता है। यह दृश्य हादसे की भयावहता और उसकी मानसिक स्थिति दोनों को उजागर करता है।
वीडियो में युवक सड़क किनारे पानी से भरी सीमेंट की टंकी के पास बैठा दिखाई देता है। उसके शरीर पर गंभीर जलन के निशान हैं और कपड़े जलकर त्वचा से चिपक चुके हैं। आसपास मौजूद लोग उसे पानी डालकर राहत देने की कोशिश करते हैं।
इसी दौरान एंबुलेंस मौके पर पहुंचती है और लोग उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह देते हैं, लेकिन युवक कहता है “मेरे पास पैसे रखे हैं।” इस पर वहां मौजूद लोग उसे समझाते हैं कि पहले इलाज जरूरी है, पैसे बाद में देख लिए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब पेट्रोल पंप पर डीजल टैंकर से ईंधन खाली किया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक में अचानक स्पार्क हुआ और देखते ही देखते आग फैल गई। कुछ ही सेकंड में पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि पंप पर कैन में भी ईंधन दिया जा रहा था, जिससे आग और तेजी से फैल गई। तेज लपटों के कारण वहां मौजूद लोगों को संभलने या वाहन हटाने का मौका तक नहीं मिला। इस भयावह हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।