Jabalpur News : मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है। केंद्रीय विद्यालय (केवी) खमरिया की नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली दो छात्राओं के शव बुधवार सुबह पिकनिक स्पॉट भदभदा में पत्थरों के बीच फंसे हुए पाए गए। मंगलवार शाम से ही लापता इन छात्राओं की तलाश में सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है कि यह महज हादसा है या कोई और कारण है।
क्या हुआ था मंगलवार को (Jabalpur News)?
केवी खमरिया की चार छात्राएं मंगलवार को स्कूल प्रोजेक्ट का काम करने का बहाना बनाकर घर से निकली थीं, लेकिन वे जमतरा भदभदा पिकनिक स्पॉट पर घूमने चली गईं। देर शाम तक जब सहेलियों से संपर्क करने प ये घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
पता चला कि लड़कियाँ भदभदा गई थीं, जहाँ उनके बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गई थी। विवाद के बाद, दो छात्राएं (प्रतिज्ञा ठाकुर और आयुषी सोनवारे) अपनी स्कूटी से घर लौट आईं, जबकि श्रुति यादव (14 वर्ष, रांझी निवासी) और देवांशी कोरी (14 वर्ष, रांझी निवासी) वहीं रुक गईं और वापस नहीं लौटीं।
रेस्क्यू ऑपरेशन और शव की बरामदगी
परिजनों ने रांझी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने लापता बच्चियों की खोजबीन शुरू की। भदभदा क्षेत्र में लापता छात्राओं के कपड़े और जूते मिलने के बाद यह आशंका जताई गई कि वे पानी में डूब गई होंगी।
बुधवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान श्रुति यादव और देवांशी कोरी के शव नदी के बीच लोहा पुल के पास पत्थरों के बीच फंसे मिले।
पुलिस अब पोस्टमार्टम (पीएम) रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह महज एक हादसा (drowning) था या इसके पीछे कोई षड्यंत्र है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।