Mahakaushal Times

करोंद में भीषण आग: KFC के पास बिल्डिंग में लगी आग, सामान और AC जलकर नष्ट


नई दिल्ली। भोपाल (करोंद)  राजधानी भोपाल के करोंद इलाके में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चार मंजिला व्यावसायिक बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में धुआं पूरे इलाके में फैल गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
यह बिल्डिंग पीपुल्स हॉस्पिटल के सामने स्थित है और इसमें इलेक्ट्रॉनिक शोरूम समेत फूड आउटलेट भी संचालित हो रहे हैं। आग क्रोमा के इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के पास रखे जनरेटर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जो देखते ही देखते फैल गई। इसी फ्लोर पर KFC आउटलेट भी मौजूद है, हालांकि आग सीधे आउटलेट तक नहीं पहुंची और बड़ा नुकसान टल गया।
आग की चपेट में आने से कई एयर कंडीशनर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फर्नीचर जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय बिल्डिंग में ज्यादा भीड़ मौजूद नहीं थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
आग लगते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। काले धुएं और ऊंची लपटों को देखकर इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पीपुल्स हॉस्पिटल की फायर ब्रिगेड सबसे पहले मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद नगर निगम की दमकल भी पहुंच गई और दोनों टीमों ने मिलकर करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फायर अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह जनरेटर में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग तेजी से फैलने के बावजूद समय पर कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर