Jabalpur News : मध्यप्रदेश के जबलपुर में कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार गली नंबर 19 स्थित एक किराए के घर में बुधवार सुबह एक महिला का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि महिला का शव लगभग तीन से चार दिनों से बंद कमरे के अंदर पड़ा था।
दुर्गंध से हुआ खुलासा
बुधवार सुबह जब पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध आने लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, तो वहां महिला मृत पाई गई।
सिर पर गंभीर चोट के निशान (Jabalpur News)
पुलिस ने बताया कि महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी धारदार या भारी हथियार से सिर पर वार किया गया, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण महिला की मौत हो गई।
संदिग्ध युवक गायब
महिला सदर गली नंबर 19 में स्थित विशाल केसरवानी के घर में एक युवक के साथ पिछले एक साल से किराए पर रह रही थी। घटना के बाद से यह युवक गायब है, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया है कि उसी युवक ने महिला की हत्या कर दी और फरार हो गया।
शिनाख्त के लिए ‘टैटू’ बना सहारा
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि मकान मालिक समेत किसी को भी किराए पर रहने वाले इस जोड़े का नाम-पता तक मालूम नहीं था।
शिनाख्ती के लिए, पुलिस महिला के हाथ पर गुदे ‘कार्तिक’ और ‘अंजू’ नाम के टैटू को आधार बनाकर उसके और गायब युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे का मकसद क्या था और फरार आरोपी कौन है।