Balaghat News : मध्यप्रदेश। बालाघाट जिले के कटंगी तहसील मुख्यालय में 53 दिन के भीतर एक और डबल मर्डर की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम नांदी में हुए व्यापारी दंपती की हत्या का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि अब वार्ड नंबर दो के नत्थी टोला रोड, अर्जुन नाला में एक सेवानिवृत्त ड्राइवर और उनकी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है।
दंपती के शव उनके घर के अंदर खून से सने अवस्था में पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम के साथ जांच शुरू कर दी है।
वारदात 6 नवंबर की सुबह सामने आई (Balaghat News) –
मृतक रमेश हाके (65 वर्ष), जो तहसीलदार के ड्राइवर पद से सेवानिवृत्त हुए थे, और उनकी पत्नी पुष्पकला हाके (58 वर्ष) के शव बरामद हुए हैं। हाके दंपती के दोनों बेटे, सुनील और योगेश, नागपुर में रहते हैं। यह वारदात 6 नवंबर की सुबह सामने आई, जब दूध वाला घर पर दूध देने पहुंचा। उसने देखा कि मुख्य गेट और दरवाजा दोनों खुले हुए थे।
महिला का शव किचन में मिला (Balaghat News) –
दूधवाले ने तत्काल पड़ोसी को सूचित किया। पड़ोसी ने जब घर के अंदर जाकर देखा, तो उसके होश उड़ गए। दंपती की लाशें खून से लथपथ पड़ी थीं। ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी हत्या धारदार हथियार से वार कर की गई है। महिला का शव किचन में मिला, जबकि पति का शव बेडरूम में खून से सना हुआ पाया गया।
पुलिस जांच जारी –
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर को सील कर दिया है। हत्या की गहन जांच के लिए बालाघाट से डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम को बुलाया गया है। पुलिस फिलहाल यह पता नहीं लगा पाई है कि इस नृशंस हत्या के पीछे का मकसद क्या है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही इस जघन्य वारदात में शामिल आरोपियों का खुलासा हो पाएगा।