MP Accident News : मध्यप्रदेश। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र में ग्राम भेतिया के पास एक कार अनियंत्रित होकर ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक 15 वर्षीय किशोर भी शामिल है।
शुक्रवार सुबह दिल्ली की ओर से मुंबई जा रही कार (पंजीकरण संख्या एमएच-03/ईएल-1388) रतलाम मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर माही नदी की पुलिया के पास अचानक बेकाबू हो गई। कार ने रेलिंग तोड़ी और नीचे खाई में गिर गई। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस और बचाव कार्य (MP Accident News):
सूचना मिलते ही रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गडरिया दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों ने भी सहयोग किया। शवों को कार से बाहर निकालकर रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया।
मृतकों की पहचान (MP Accident News):
मृतकों की तत्काल पहचान नहीं हो पाई। रतलाम पहुंचे कुछ परिचितों और रिश्तेदारों के अनुसार मृतक मुंबई के कुर्ला क्षेत्र और गुजरात के वडोदरा के निवासी हो सकते हैं।
परिजनों को सूचना दे दी गई है। वे दोपहर तक रतलाम पहुंचेंगे, जिसके बाद अंतिम पहचान होगी।
पुलिस के अनुसार हादसे का सटीक समय अभी स्पष्ट नहीं है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज से घटना का समय और कारण पता किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।