Mahakaushal Times

Katni News : बेटे की मारपीट से त्रस्त 73 साल की मां पहुंची एसपी दफ्तर

Katni News : बेटे की मारपीट से त्रस्त 73 साल की मां पहुंची एसपी दफ्तर

Katni News : कटनी। शहर के दुर्गा चौक निवासी 73 वर्षीय रानी बाई परिहार अपने ही बेटे महेंद्र सिंह परिहार की रोज की मारपीट, गाली-गलौज और घर का सामान बेचने की हरकतों से इतना तंग आ चुकी थीं कि मंगलवार को वह सीधे एसपी ऑफिस पहुंच गईं। पहले थाने में कई बार शिकायत करने पर भी पुलिस सिर्फ समझा-बुझाकर छोड़ देती थी, लेकिन इस बार मामला एसपी अभिनव विश्वकर्मा के सामने पहुंचा तो माहौल बदल गया।

जनसुनवाई खत्म कर लौटते वक्त जैसे ही बुजुर्ग महिला ने रोते-बिलखते अपनी व्यथा सुनाई, एसपी भड़क उठे। उन्होंने तुरंत एनकेजे थाना प्रभारी रूपेश राजपूत को फोन लगाया और सख्त लहजे में कहा, “आरोपी के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करो, गिरफ्तार करो और जेल भेजो। बुजुर्ग मां को तुरंत राहत दो।” (Katni News)

आदेश मिलते ही पुलिस हरकत में आई। महेंद्र सिंह परिहार को हिरासत में लेकर मारपीट, धमकी और बुजुर्ग प्रताड़ना की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और उसे जेल भेज दिया गया। एसपी की इस त्वरित कार्रवाई से रानी बाई के चेहरे पर राहत की लकीरें दिखीं और उन्होंने आंसुओं के बीच एसपी को धन्यवाद कहा। (Katni News)

एएसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि मंगलवार की जनसुनवाई में करीब 55-60 शिकायतें आई थीं, सभी पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन रानी बाई की शिकायत को एसपी ने सबसे ऊपर प्राथमिकता दी और तुरंत न्याय दिलाया। इस घटना के बाद कटनी पुलिस की जनसुनवाई में आम लोगों का भरोसा और बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर