Mahakaushal Times

देवास हादसा: ट्रांसफार्मर ब्लास्ट और राम मंदिर कार्यक्रम के बीच बना संयोग चर्चा में

 
मध्यप्रदेश । मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंककलां इलाके में हुए दर्दनाक पटाखा फैक्ट्री विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। लेकिन इस हादसे के बीच एक ऐसा संयोग सामने आया है, जिसने ग्रामीणों को हैरान और भावुक दोनों कर दिया है। गांव की लगभग 150 महिलाएं रोजाना इस फैक्ट्री में काम करने जाती थीं, लेकिन जिस दिन यह भीषण हादसा हुआ, उसी दिन अधिकांश महिलाओं ने पहले से ही छुट्टी ले रखी थी।

ग्रामीणों के अनुसार, उस दिन गांव के राम मंदिर में भव्य प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित था। इसी धार्मिक आयोजन के चलते बड़ी संख्या में महिलाओं ने काम पर न जाने का निर्णय लिया था। ठीक उसी दिन सुबह करीब 11:30 बजे फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए।

घटना के बाद गांव में मातम और सदमे का माहौल है, लेकिन साथ ही कई महिलाएं इसे ईश्वर की कृपा और भगवान राम का आशीर्वाद मान रही हैं। उनका कहना है कि अगर वे उस दिन फैक्ट्री गई होतीं, तो शायद वे भी इस हादसे का शिकार हो सकती थीं।

गांव की एक महिला सरिता मालवीय ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही कंपनी को सूचित कर दिया था कि गांव में धार्मिक कार्यक्रम होने के कारण वह काम पर नहीं आ पाएंगी। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद जो दृश्य सामने आए, उन्हें देखकर दिल दहल गया। जिस जगह वे रोज काम करती थीं, वह पूरी तरह तबाह हो चुकी थी।

अन्य महिलाओं ने भी बताया कि हादसे के बाद से वे मानसिक रूप से काफी प्रभावित हैं। एक तरफ उन्हें इस बात की राहत है कि वे उस दिन फैक्ट्री में मौजूद नहीं थीं, वहीं दूसरी ओर अपने साथ काम करने वाले मजदूरों की मौत का गहरा दुख भी उन्हें परेशान कर रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि रोजाना सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं फैक्ट्री के लिए निकलती थीं, लेकिन प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के कारण उस दिन अधिकांश लोग गांव में ही रुक गए। अब गांव में यह हादसा चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है और लोग इसे एक अनहोनी संयोग के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल प्रशासन हादसे की जांच में जुटा हुआ है और फैक्ट्री सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर