नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) ने शुक्रवार को दावा किया कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक (Instagram Account Hacked) हो गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह अपने अकाउंट को एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अचानक कंट्रोल खत्म हो गया और लॉगिन करने में दिक्कत आ रही है। उनका कहना है कि अकाउंट हैक होने की वजह से पार्टी की ऑनलाइन गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।
एक्स पर अभिजीत दिपके ने मेटा को किया टैग
अभिजीत दिपके ने एक्स पर एक पोस्ट में अपने अकाउंट का स्क्रीनशॉट पोस्ट कर मेटा को टैग कर लिखा, ‘मेरे इंस्टाग्राम अकाउंट का एक्सेस खत्म हो गया है, मैं इसे रिकवर करने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन नहीं हो पा रहा है’।
CJP के बैकअप इंस्टाग्राम अकाउंट पर अभिजीत का दावा
वहीं, एक अन्य पोस्ट में, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी का बैकअप इंस्टाग्राम अकाउंट भी मेटा की ओर से हटा दिया गया है। दिपके के मुताबिक, यह बैकअप अकाउंट पार्टी के अपडेट और संदेश साझा करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। पार्टी के आधिकारिक अकाउंट के 21 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं।
अभिजीत दिपके के सवालों पर मेटा के जवाब का इंतजार
हालांकि, मेटा ने अभी तक इस मामले पर कोई बयान जारी नहीं किया है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि बैकअप अकाउंट किसी नियम उल्लंघन की वजह से हटाया गया या फिर किसी अन्य तकनीकी कारण से। कॉकरोच जनता पार्टी हाल के समय में सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही है। पार्टी खुद को युवाओं और जेन-जी की आवाज बताती है और इंटरनेट संस्कृति, मीम्स और डिजिटल कैंपेन के जरिए अपनी पहचान बना रही है।