Mahakaushal Times

गहरे पानी में जाने से हादसा, परिवार के इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत


मध्यप्रदेश । विदिशा की बेतवा नदी गुरुवार सुबह एक परिवार की खुशियां अपने साथ बहा ले गई। एसएटीआई कॉलेज में पढ़ाई कर रहे 21 वर्षीय छात्र सहज उर्फ श्रवण तले की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने दो दोस्तों के साथ बेतवा नदी के बड़े घाट पर नहाने गया था। कुछ ही पलों में मौज-मस्ती का माहौल मातम में बदल गया और परिवार का इकलौता बेटा हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया।

हरदा निवासी सहज तले विदिशा के दुर्गा नगर इलाके में किराए के कमरे में रहकर एसएटीआई कॉलेज में सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने दो दोस्तों के साथ बेतवा नदी पहुंचा था। बताया गया कि तीनों दोस्त घाट की सीढ़ियों के पास नहा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक साथ पानी में डुबकी लगाई। दो दोस्त तो सुरक्षित बाहर आ गए, लेकिन सहज गहरे पानी में चला गया और वापस ऊपर नहीं आ सका।

दोस्तों ने जब सहज को पानी से बाहर नहीं आते देखा तो घबराकर शोर मचाया। घाट पर मौजूद लोगों और गोताखोरों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। सूचना मिलते ही होमगार्ड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। करीब पांच मिनट तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के मामा विशाल चौधरी ने बताया कि सहज पढ़ाई में बेहद होशियार था और परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। उसके पिता निजी नौकरी करते हैं और सामान्य आर्थिक स्थिति में बेटे को पढ़ा रहे थे। सहज परिवार का इकलौता बेटा था, जबकि उसकी एक बहन है। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामा विशाल चौधरी ने लोगों से अपील की है कि नदी, तालाब या अन्य जल स्रोतों में नहाने से पहले उसकी गहराई और सुरक्षा की जानकारी जरूर लें। उन्होंने कहा कि बिना जानकारी और सावधानी के पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।

वहीं, कोतवाली एएसआई मोहम्मद शाहिद ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा गहरे पानी में चले जाने की वजह से हुआ माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर