Mahakaushal Times

कटनी में सड़क हादसा और बवाल: ट्रक की टक्कर से 4 घायल, ग्रामीणों का चक्का जाम


कटनी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर-विलायत कला मार्ग पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सलैया गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार दो महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए।

बताया गया कि कार सवार सभी लोग इमिलिया गांव के निवासी हैं और अपने रिश्तेदारों से मिलकर वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण घायलों को निजी साधनों से अस्पताल ले जाना पड़ा। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर कुछ समय के लिए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर लंबे समय से ओवरलोड और तेज रफ्तार भारी वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही, इन वाहनों के कारण सड़क की हालत भी लगातार खराब हो रही है।

ग्रामीणों ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। स्थानीय निवासी विजय कुमार के अनुसार खरहटा-देवरी महानदी रेत खदान से बड़े पैमाने पर नियमों के खिलाफ रेत का परिवहन किया जा रहा है। भारी वाहन बिना किसी रोक-टोक के गांवों के संपर्क मार्गों से गुजरते हैं, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ गई है।

हंगामे की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायलों के उपचार पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर