बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अवैध स्लॉटर हाउस पर कार्रवाई
राज्य में अवैध स्लॉटर हाउस और खुले में मांस बेचने वालों के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
हर ब्लॉक में लगेगी साप्ताहिक चौपाल
जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार अब विकास खंड स्तर पर साप्ताहिक चौपाल आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, इन चौपालों में स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिकायतों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
भू-माफियाओं और अवैध खनन पर विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अवैध खनन और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि अवैध कब्जों और गैरकानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।