MP Politics : भोपाल। कैबिनेट बैठक में जीएसटी कलेक्शन पर वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा को घेरने वाले सीनियर मंत्रियों कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल के बयानों को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को मोहन यादव सरकार पर सीधा निशाना साधा। पटवारी ने कहा कि मंत्रियों के आपसी झगड़े प्रदेश को बर्बाद कर देंगे। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान पर दिल्ली जाकर RSS में शिकायत करने का आरोप लगाते हुए कहा, “मंत्रिमंडल में शिवराज गुट सक्रिय है, जो CM मोहन यादव को अस्थिर करने की साजिश रच रहा है। BJP के अंदर बुराई करने वाले ये नेता MP की जनता को धोखा दे रहे हैं।”
पटवारी ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक के बाद मीडिया से कहा, “हमारा दायित्व यह नहीं कि BJP आपस में लड़े तो हम खुश हों। (MP Politics) हम सहयोग के लिए तैयार हैं, लेकिन मध्यप्रदेश समृद्ध बने। मोहन यादव का मंत्रियों पर कंट्रोल ही नहीं है, प्रशासनिक अमले पर भी नहीं। जीएसटी घटने पर मंत्री खुलेआम वित्त मंत्री को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, जो सरकार की कमजोरी दिखाता है।”
कर्ज पर कमीशन का गंभीर आरोप (MP Politics)
पटवारी ने वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा, “वित्त मंत्री लगातार कर्ज ले रहे हैं और उसके 50% कमीशन ले लिया जा रहा है। रोज 200 करोड़ का कर्ज लो, 100 करोड़ चोरी कर लो – यही MP सरकार का व्यवहार बन गया है।” उन्होंने सवाल किया, “जब मैं कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता हूं तो सरकार ‘राजनीतिक अय्याशी’ जैसे शब्दों पर नाराज हो जाती है। आखिर राजनीतिक अय्याशी क्या है? सरकारी खर्च पर महिलाओं को इकट्ठा करना, कर्ज लेकर बड़ा स्टेज सजाना, माइक तक कर्ज के पैसे का – फिर भाषण में स्वागत करवाना।”
MP के भविष्य पर खतरा (MP Politics)
पटवारी ने चेतावनी दी, “जनता ने BJP को इतना बड़ा जनादेश MP को दुख-दर्द देने के लिए नहीं दिया। ये झगड़े भविष्य को बर्बाद कर देंगे।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर सदन से सड़क तक संघर्ष करेगी।
यह बयान कैबिनेट बैठक के बाद आया, जहां जीएसटी संग्रह में कमी पर मंत्रियों के बीच तीखी बहस हुई थी। BJP ने पटवारी के बयान को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी हार नहीं मान रही। पटवारी का यह हमला BJP के आंतरिक कलह को फिर उछाल रहा है।