Jabalpur News : जबलपुर। 27 से ज्यादा आपराधिक मामलों में नामजद कुख्यात हिस्ट्रीशीटर संजू पटेल को आखिरकार पुलिस ने बुधवार देर रात धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे रांझी की सड़कों पर परेड कराई। इस दौरान संजू कान पकड़े, सिर झुकाए चल रहा था और बार-बार बोल रहा था – “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है”। परेड में शामिल पुलिसकर्मी मुस्कुराते हुए सीना ताने चल रहे थे।
गंभीर धाराओं में 27 से ज्यादा केस (Jabalpur News)
संजू पटेल पर हत्या का प्रयास, अवैध वसूली, चोरी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, विस्फोटक पदार्थ एक्ट समेत गंभीर धाराओं में 27 से ज्यादा केस दर्ज हैं। कलेक्टर के आदेश पर उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) भी लग चुका है। क्षेत्र में उसकी दहशत इतनी थी कि लोग उसका नाम लेने से भी डरते थे।
अवैध हथियार भी बरामद (Jabalpur News)
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया, “मुखबिर की सूचना पर संजू को पुरानी बस्ती से पकड़ा गया। उसके पास से अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं। इलाके में आतंक का माहौल था, लोग रिपोर्ट तक करने से डरते थे। अब उसे सबके सामने शर्मिंदगी परेड कराई गई ताकि लोगों का डर खत्म हो और अपराध करने वालों को सबक मिले।”
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग दो मतों में बंट गए हैं। कोई इसे पुलिस की “क्रिएटिव कार्रवाई” बता रहा है, तो कोई इसे कानूनी तरीके से गलत ठहरा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ “जन जागरूकता” का हिस्सा था, कोई कानून नहीं तोड़ा गया। फिलहाल संजू जेल भेज दिया गया है और उसके खिलाफ नई FIR भी दर्ज की गई है।