MP News : खजुराहो। मध्यप्रदेश के खजुराहो स्थित गौतम रिजॉर्ट में सोमवार शाम को खाना खाने के बाद 8 कर्मचारियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आलू-गोभी की सब्जी खाने के कुछ ही मिनटों बाद उल्टी, दस्त, खांसी और सांस लेने में तकलीफ शुरू हो गई। 3 कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 5 को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, खासकर जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री खजुराहो में ही थे।
मरने वालों के नाम (MP News)
1. रामस्वरूप कुशवाहा (47, खजुराहो)
2. प्रागीलाल कुशवाहा (खजुराहो)
3. गिरिजा रजक (35, झटकरा)
बीमार हुए कर्मचारी (MP News)
– बिहारी पटेल (50, खजुराहो)
– रोशनी रजक (30, झटकरा)
– दयाराम कुशवाहा (70, खजुराहो)
– हार्दिक सोनी (20, राजनगर)
– गोलू अग्निहोत्री (25, पीरा थाना राजनगर)
– गौतम रवि (युवक)
घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों ने कहा कि सभी का इलाज चल रहा है और स्थिति स्थिर हो रही है।
संदिग्ध मौत, फोरेंसिक टीम बुलाई (MP News)
CMHO डॉ. आरपी गुप्ता ने संदेह जताते हुए कहा, “फूड पॉइजनिंग से इतनी तेज मौतें नहीं होतीं। सैंपल भेजे गए हैं, फोरेंसिक एक्सपर्ट की रिपोर्ट का इंतजार है।” कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तुरंत रेडक्रॉस से प्रत्येक मृतक के परिवार को 20-20 हजार रुपये की सहायता दी। रिजॉर्ट का किचन सील कर सैंपल लिए गए हैं।
परिजनों का गुस्सा
परिवार वाले हैरान हैं। एक परिजन ने कहा, “सोमवार शाम 5 बजे सबने खाना खाया, 10 मिनट में सब बेहाल। मौत का सही कारण पता चलना चाहिए।” पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। रिजॉर्ट प्रबंधन ने सफाई दी कि खाना ताजा था, लेकिन सबूत मिलने पर कार्रवाई होगी।