India LAC Forum 2026 : इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश लगातार वैश्विक निवेश और व्यापार के नए अवसर तलाश रहा है। इसी दिशा में इंदौर में शनिवार को भारत-लातिन अमेरिका एवं कैरेबियाई (LAC) व्यापार एवं निवेश फोरम-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
एआई इंफ्रास्ट्रक्चर की वैश्विक दौड़ तेज, गूगल और स्पेसएक्स के बीच 30 अरब डॉलर का रणनीतिक समझौता
आपको बता दें कि, फोरम में लातिन अमेरिका और कैरेबियाई क्षेत्र के 15 से अधिक देशों के राजदूत, वरिष्ठ राजनयिक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और निवेशक शामिल होंगे। सरकार को उम्मीद है कि इससे मध्य प्रदेश के उद्योगों और निर्यात को नई गति मिलेगी।
वैश्विक निवेश को आकर्षित करने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री मोहन यादव प्रदेश को निवेश और उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इंदौर में होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भी उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के उद्योगों को विदेशी बाजारों से जोड़ना और नए निवेश के अवसर पैदा करना है, जिससे रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
इंदौर को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच
मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) और ग्लोबल इंडिया बिजनेस फोरम के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 350 से ज्यादा प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। यह मंच मध्य प्रदेश के उद्योगपतियों और विदेशी निवेशकों के बीच सीधे संवाद का अवसर प्रदान करेगा। इससे व्यापारिक साझेदारी और निवेश के नए रास्ते खुल सकते हैं।
कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर होगी चर्चा
सम्मेलन में फार्मा, हेल्थकेयर, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, फूड प्रोसेसिंग, पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी और उच्च शिक्षा जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी। सरकार का मानना है कि इन क्षेत्रों में मध्य प्रदेश की मजबूत स्थिति अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को आकर्षित कर सकती है।
प्रदेश सरकार के प्रयासों का असर निर्यात के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मध्य प्रदेश से लातिन अमेरिका और कैरेबियाई देशों को 3,835 करोड़ रुपए का निर्यात हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है। सरकार आने वाले वर्षों में इस आंकड़े को और बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
निवेश और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद
फोरम के दौरान बिजनेस-टू-बिजनेस और बिजनेस-टू-गवर्नमेंट बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में स्थानीय उद्योगों को विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी और निवेश पर चर्चा करने का मौका मिलेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे प्रदेश में नए उद्योग स्थापित होने और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।
नेटफ्लिक्स पर इस हफ्ते मनोरंजन का डबल डोज, क्राइम थ्रिलर से लेकर शॉकिंग डॉक्यूमेंट्री तक होगी रिलीज
मोहन यादव सरकार की आर्थिक रणनीति का अहम हिस्सा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार मध्य प्रदेश को केवल औद्योगिक राज्य ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इंदौर में आयोजित होने वाला भारत-LAC व्यापार एवं निवेश फोरम इसी सोच का हिस्सा है, जो प्रदेश को वैश्विक अर्थव्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।