Mahakaushal Tines

MP News : झाबुआ में वन भूमि पर कब्जे के खिलाफ सख्त एक्शन, 25 अतिक्रमण ध्वस्त

MP News : झाबुआ में वन भूमि पर कब्जे के खिलाफ सख्त एक्शन, 25 अतिक्रमण ध्वस्त

MP News : झाबुआ। जिले के मेघनगर क्षेत्र में स्थित वन क्षेत्र में सामने आए गोहत्या और अवैध गोमांस व्यापार के गंभीर मामले के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। यह मामला भोपाल तक पहुंचने के बाद वन विभाग, पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में वन भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की गई।

मेघनगर के सजेली-नानिया सात वन क्षेत्र में हुई गोहत्या की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए व्यापक जांच शुरू की है। शनिवार को प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अवैध कब्जों पर कार्रवाई की।

बेदखली के नोटिस जारी किए जा चुके थे (MP News)

वन विभाग के एसडीओ एस.एल. यादव के अनुसार, वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को पहले ही बेदखली के नोटिस जारी किए जा चुके थे। तय समय सीमा में अतिक्रमण न हटाने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान वन क्षेत्र में बने टीन शेड और कच्चे निर्माण सहित कुल 25 अवैध अतिक्रमण हटाए गए। साथ ही 12 मचान और तंबुओं को भी ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई ग्राम सजेली-नानिया सात के वन बीट राखीड़िया अंतर्गत कम्पार्टमेंट क्रमांक 74 और 75 में की गई।

0.5 हेक्टेयर क्षेत्र में की गई फसल की अवैध खेती (MP News)

संयुक्त टीम द्वारा लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, जिसमें से करीब 15 हेक्टेयर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया। इसके अलावा 0.5 हेक्टेयर क्षेत्र में की गई फसल की अवैध खेती को भी हटाया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जे और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जानिये पूरा मामला (MP News) :

कुछ दिन पहले मेघनगर के जंगल में एक सनसनीखेज घटना सामने आई थी, जहां गोहत्या के साथ बड़े पैमाने पर अवैध गोमांस व्यापार किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलने पर मेघनगर और थांदला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस अवैध गतिविधि का खुलासा किया था।

मौके से दो गोवंश के शव, बड़ी मात्रा में काटा गया गोमांस, हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए थे। इसके साथ ही खाल, सींग और हड्डियां भी बड़ी संख्या में मिली थीं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था।

पुलिस और ग्रामीणों को आता देख कई संदिग्ध मौके से फरार हो गए थे, हालांकि पुलिस ने तत्काल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा गोमांस के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल समेत अन्य सामग्री भी जब्त की गई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MADHYA PRADESH WEATHER

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर