Balaghat News : बालाघाट। सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक को महंगी पड़ गई। परसवाड़ा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ उच्च श्रेणी शिक्षक सुनील मेश्राम को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त शकुंतला डामोर ने यह कार्रवाई की। मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9 के तहत निलंबन तत्काल प्रभाव से लागू किया गया। आरोप है कि शिक्षक ने अपने अकाउंट से भारत सरकार और राज्य शासन के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी साझा की, जिससे शासन की छवि प्रभावित हुई।
नोटिस का जवाब असंतोषजनक (Balaghat News)
4 दिसंबर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। 8 दिसंबर को मेश्राम ने स्पष्टीकरण दिया, लेकिन विभाग ने इसे स्वीकार नहीं किया। अधिकारियों का कहना है कि यह गंभीर अनुशासनहीनता है।
शिक्षक की सफाई (Balaghat News)
सुनील मेश्राम ने कहा कि पोस्ट उनकी नहीं थी और इसे उनके अकाउंट से हटा दिया गया है। यह किसी राजनीतिक दल या संगठन से जुड़ी नहीं थी। अगर किसी की भावनाएं आहत हुईं तो उन्हें खेद है।
सुनील मेश्राम राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हैं, इसलिए निलंबन की कार्रवाई जिले में चर्चा का विषय बन गई है। शिक्षा विभाग और स्थानीय स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। जांच जारी है।