CM Mohan Yadav : भोपाल। आम लोगों की समस्याओं का जल्दी समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 12 जून से 18 जून तक पूरे मध्य प्रदेश में जनकल्याण शिविर अभियान आयोजित किया जाएगा।
इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी विकासखंडों और नगरीय निकायों में तीन दिवसीय शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और लोगों के काम एक ही जगह पर किए जाएंगे।
देवास में रास्ता विवाद से बवाल: 400 परिवारों का चक्काजाम, स्थायी समाधान की मांग तेज
लोगों को नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर
सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनकल्याण शिविरों में आवेदन, दस्तावेजों की जांच और कई मामलों का निराकरण मौके पर ही किया जाएगा।
अभियान के दौरान ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाएगा जो किसी सरकारी योजना के पात्र हैं, लेकिन अभी तक उसका लाभ नहीं ले पाए हैं। शिविर में उनका पंजीयन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा। किसान, मजदूर, महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई सेवाएं
जनकल्याण शिविरों में राजस्व, पंचायत, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, श्रम समेत कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे लोगों का समय भी बचेगा और काम भी जल्दी होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कहना है कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसी सोच के साथ जनकल्याण शिविरों को जनसेवा का बड़ा अभियान बनाया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि जब प्रशासन लोगों के बीच पहुंचेगा, तो समस्याओं का समाधान भी तेज होगा और योजनाओं का लाभ भी ज्यादा लोगों तक पहुंच सकेगा। 12 जून से शुरू होकर 18 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान में प्रदेशभर में बड़ी संख्या में लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं का समाधान करने का लक्ष्य रखा गया है।