Meenakshi Natarajan Case: भोपाल। कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के राज्यसभा नामांकन मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं का दोष चुनाव आयोग, अधिकारियों और न्यायपालिका पर मढ़ने की कोशिश कर रही है, जबकि उसे आत्ममंथन करने की जरूरत है।
250 क्विंटल सरसों गबन मामले में बड़ा खुलासा: 29 लाख का ट्रक और माल बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
कांग्रेस लगातार कमजोर क्यों?
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि आखिर वह लगातार कमजोर क्यों होती जा रही है। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय पार्टी को अपनी कमियों और गलतियों पर ध्यान देना चाहिए।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस को क्या हो गया है? वे अपनी हार का ठीकरा कभी चुनाव आयोग पर, कभी अधिकारियों पर और कभी सुप्रीम कोर्ट पर फोड़ते हैं। बेहतर होगा कि वे अपने अंदर झांककर देखें कि उनसे गलतियां कहां हो रही हैं।
बार-बार संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराना सही परंपरा नहीं
सीएम ने कहा कि लोकतंत्र की संस्थाओं का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। चुनाव में हार या कानूनी फैसलों के लिए बार-बार संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराना सही परंपरा नहीं है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस इस पूरे घटनाक्रम से सबक लेगी और भविष्य में सकारात्मक राजनीति की दिशा में आगे बढ़ेगी।