Bhopal News : भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) में बुधवार को छात्रों के असंतोष ने हंगामे का रूप ले लिया। NSUI के नेताओं ने परीक्षा में बैठने से रोके गए छात्रों की समस्याओं, शिक्षकों द्वारा कथित दुर्व्यवहार और कैंटीन के प्रदूषित पानी को लेकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल कुलगुरु से मिला। मुलाकात के दौरान छात्रों के शैक्षणिक, मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया गया। परिसर में कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बनी, लेकिन कुलगुरु ने सभी पक्षों की बात सुनी।
कुलगुरु का आश्वासन (Bhopal News):
कुलगुरु ने कहा कि किसी छात्र के साथ पक्षपात नहीं होगा। अगर किसी शिक्षक द्वारा दुर्व्यवहार या मानसिक दबाव की शिकायत सही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनके आश्वासन के बाद स्थिति शांत हो गई।
कैंटीन पानी पर बड़ा खुलासा (Bhopal News) :
NSUI ने कुलगुरु को कैंटीन के पानी की लैब जांच रिपोर्ट सौंपी, जिसमें पानी प्रदूषित पाया गया। संगठन ने इसे छात्रों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए तुरंत सुधार की मांग की।
छात्रों का कहना है कि परीक्षा में अनुचित रोक और शिक्षकों का रवैया उन्हें परेशान कर रहा है। NSUI ने चेतावनी दी कि अगर मुद्दों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी शिकायतों पर विचार का भरोसा दिया है। मामला शांत तो हो गया, लेकिन छात्रों में असंतोष अभी बाकी है।