MP News : भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियां गिनाने के लिए आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उस समय बवाल मच गया, जब पत्रकारों और अतिथियों को कीमा वड़ा पाव और फिश कटलेट जैसे नॉनवेज स्नैक्स परोसे गए। कई शाकाहारी लोगों ने अनजाने में नॉनवेज खा लिया, जिसके पता चलते ही कार्यक्रम स्थल पर हंगामा शुरू हो गया। कुछ लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं का अपमान बताते हुए “धर्म भ्रष्ट” तक करार दिया।
मंत्री ने लगाई अधिकारियों को फटकार (MP News)
राज्यमंत्री (कुटीर एवं ग्रामोद्योग) दिलीप जायसवाल ने हंगामे की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के एसीएस सहित संबंधित अधिकारियों को तलब किया और नॉनवेज स्नैक्स तुरंत हटवाए। मंत्री ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “नॉनवेज परोसने की न मेरी सहमति थी, न निर्देश। चाय-पानी की व्यवस्था देखने वालों से गंभीर लापरवाही हुई है। जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।”
कांग्रेस का तीखा हमला (MP News)
कांग्रेस ने इस घटना को भाजपा सरकार की “नीति की खुली अवहेलना” बताते हुए तीखा हमला बोला। पार्टी ने याद दिलाया कि शिवराज सिंह चौहान सरकार के समय स्पष्ट नीति थी कि शासकीय आयोजनों में मांसाहार नहीं परोसा जाएगा (विदेशी मेहमानों की विशेष मांग को छोड़कर)।
कांग्रेस ने सवाल उठाए (MP News) :
– सबसे कम बजट वाले विभाग के कार्यक्रम में सबसे महंगा नॉनवेज नाश्ता क्यों परोसा गया?
– सरकार मांसाहारी भोज को लेकर अपनी नीति स्पष्ट करे।
– लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों के नाम उजागर किए जाएं और सख्त कार्रवाई हो।