MP News : उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन से करीब 55 किमी दूर नागदा में एक नर्स से छेड़छाड़ की घटना ने तनाव पैदा कर दिया है। नर्स ने आरोप लगाया कि क्लिनिक के सामने आटा चक्की चलाने वाले नासिर हुसैन, बिलाल अहमद, अली अहमद और उनके साथी पिछले छह महीनों से उसे परेशान कर रहे हैं और विरोध करने पर धमकियां दे रहे हैं।
रविवार को नर्स थाने पहुंची, लेकिन कई घंटों तक रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर हिंदूवादी संगठनों (बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद) ने थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर देरी करने और एक पुलिसकर्मी पर नर्स से अभद्रता का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। दबाव बढ़ने पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पूर्व विधायक की खुली धमकी (MP News)
प्रदर्शन के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत भी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा, “हमारी बेटी थाने आई थी तो 10 मिनट में केस दर्ज होना चाहिए था। इस घटना को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। अगर प्रशासन चाहता है कि फिजा बिगड़े तो फिजा भी बिगाड़ देंगे।” उन्होंने आगे कहा कि अगर पुलिस आरोपियों का जुलूस नहीं निकालेगी तो हम निकालेंगे। साथ ही लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और थाना प्रभारी के तबादले की मांग की।
पुलिस का पक्ष (MP News)
नागदा सीएसपी विक्रम अहीरवार ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।